विपिन चौधरी की कविताएं

 


           
                                विपिन चौधरी 
             

दुःख,डर, स्वप्न और उम्मीद के साथ विडंबनाओं और जीवन की जटिलताओं को विपिन चौधरी अपनी कविताओं में बड़ी बारीकी से दर्ज करती हैं। उनकी दृष्टि अदेखे को देखती और दिखाती है।बाजार ने जिस तरह मनुष्य के विवेक और चिंतन को नियंत्रित करने की कोशिश की है और इसके लिए चौतरफा हमला जारी है, उसके बीच ये कविताएं बहुत कुछ सोचने के लिए विवश करती हैं।


विपिन चौधरी की कविताएं 



मुस्तैदी


बचपन,

उस भूरे काग़ज़ की तरह था

जिसे मैं सावधानी से

अपनी किताबों पर चढ़ाया करती थी,

मानो किताब को नहीं,

किसी नाज़ुक मौसम को बचा रही हूँ।

रात में

मच्छरदानी के कोनों को

गद्दे के नीचे दबाना

मेरी पहली चौकसी थी।


बाहर

भिनभिनाते रहते असंख्य छोटे भूखे जीव,

और भीतर

मैं अपनी नींद की सल्तनत में

सुरक्षित सो जाती।

तब मुस्तैदी

सिर्फ़ एक रोज़ किए जाने वाला घरेलू काम था,

माँ द्वारा किए जाने वाले कामों की तरह मानीखेज़।   

अब

उम्र के साथ

मस्तिष्क में जाग उठते हैं

अनगिनत रसायन,

जैसे किसी अँधेरे कमरे में

होले से खुलती हों

षड्यंत्र की खिड़कियाँ।


हर सावधानी में

मुझे छिपा हुआ भय दिखाई देता है,

हर सलीके के पीछे

कोई अदृश्य निगरानी।

बड़े होने का सबसे बड़ा दुख

शायद यही है,

कि जो कभी

सिर्फ़ व्यवस्था थी,

अब संदेह लगती है।

और मुस्तैदी,

जो बचपन में

नींद की रखवाली करती थी,

अब

आत्मा के दरवाज़ों पर

धीमे-धीमे दस्तक देती हुई

एक आशंका बन गई है।



दुःख 


दुःख पहले त्वचा पर नहीं दिखता।

पहले वह

कपड़ों की तहों में रहता है,

पुरानी रसीदों,

अनखोले पत्रों,

और उन कपों में

जिनसे बहुत दिनों से कोई चाय नहीं पी गई।


फिर एक दिन

तुम किसी का हाथ छूते हो

और वह व्यक्ति

अचानक खिड़की के बाहर देखने लगता है

जैसे शहर अभी-अभी

किसी अदृश्य युद्ध से लौटा हो।


मुझे यह रोग

किसने दिया था?


शायद उस आदमी ने 

जो जाते समय

अपना स्कार्फ़ भूल गया था।

या उस स्त्री ने 

जो हँसते-हँसते

अपनी उँगलियाँ चबा रही थी।


स्मृति में चेहरा नहीं बचा,

बस उनका छोड़ा हुआ ताप बचा है


मैंने जिनसे प्रेम किया

वे थोड़े शांत हो गए

चलते-चलते बीच सड़क में रुकने लगे,

रात में पानी पीते समय

बल्ब का स्वीच ओन करना भूलने लगे


दुःख सचमुच छूत का रोग है

वह हवा में नहीं फैलता,

वह फैलता है

ध्यान से,

सुनने से,

बहुत देर तक

किसी की ओर देखते रहने से।


अब डॉक्टरों से तो क्या कहना

वे फेफड़ों की स्कैन करते हैं,

आत्मा की नहीं

और तब तक

रोग शरीर में

अपना छोटा-सा गणराज्य बना चुका होता है।

वह


उसी ने सिखाया था मुझे

रजवाहा पार करना

बिना किसी भय के।

वह पेड़ की सबसे ऊँची डाल पर चढ़ती थी

जैसे दुनिया

उसके पैरों के नीचे रखी कोई छोटी चीज़ हो।

हम दूसरों के खेतों में घुसकर

मूली उखाड़ लाते,

मिट्टी हाथों पर लगी रहती

और हँसी इतनी तेज़ होती

कि घर तक सुनाई दे सकती थी।

हमने कभी

इजाज़त माँगना नहीं सीखा।

लड़कियाँ थीं,

पर तब हम दोनों देह नहीं बनी थीं 

अब उसे देखती हूँ,

गृहस्थी ने उसके कंधों को

थोड़ा सा झुका दिया है।

उसकी आवाज़ में

बर्तनों की थकान बस गई है।

और मैं,

जो कभी उसे

एक जीवित चमत्कार की तरह देखती थी,

अब चाहकर भी नहीं कह पाती,

चलो,

दो-पचपन का शो देखते हैं।

रणबीर कपूर की नई फ़िल्म लगी है।

क्योंकि हम दोनों जानती हैं

कि स्त्रियों की ज़िंदगी में

सबसे पहले

सिनेमा नहीं छूटता,

छूटती है सबसे पहले 

उनकी बेफ़िक्री।



छोड़ने से पहले समेटना


यह सब कहाँ रख दूँ

जाने से पहले?

बरसों से

समेटती आई हूँ चीज़ें,

पुराने काग़ज़,

कुछ अधूरी बातें,

कपड़ों में बची हुई गंध,

और वे स्पर्श

जो अब केवल स्मृति हैं।

इतनी चीज़ों को उठाते-उठाते

मन भी थोड़ा भर जाता है,

जैसे वर्षा के बाद

पत्तों पर टिके रहते हैं

पानी के छोटे भार।

शायद इन सबने

मेरे भीतर

कहीं न कहीं घर बना लिया है।

वे फैलती रहीं

अपने पूरे आयतन में,

और अब वे मेरे मन को

अपना ही मन समझने लगी हैं 

अब सोचती हूँ,

जो लोग

धीरे-धीरे जीवन में घुल जाते हैं,

उन्हें आखिर कहाँ रखा जाता है?

ओ प्रिय,

तुम्हारा दिया हुआ भार भी

इन चीज़ों में शामिल है।


मगर 

उसे उठाए रखना

मुझे अब भी

पूरी तरह दुख नहीं देता।

स्मृति का ताप


स्मृति,

तुम अतीत से वर्तमान तक आती हो

और फिर लौट जाती हो अपनी ठौर।

बताओ, इतनी यात्राओं में

कितना ताप बचा रहता है तुममें?

जिन घरों में तुमने पुराने दिनों की राख कुरेदी,

जिन लोगों को उनका खोया हुआ दुख लौटाया,

क्या उनमें से किसी ने कभी

तुम्हारा शुक्रिया कहा?

तुम फिर भी लौटती हो

उन नाशुक्रों के पास।

स्मृति, कभी अपने लिए भी सोचना

दूसरों के अतीत को ढोते-ढोते

कहीं तुम अपना वर्तमान

तो नहीं खो बैठीं?



स्मृतियों में ढहते हुए


दिसंबर को चाहे ना पुकारो

तो भी सर्दी उतर ही आती है

भीतर

शीत का सन्नाटा इतना गहरा हो उठता है कि

अपनी ही पुकार बार-बार सुनाई देने लगती है

हाँ, कभी-कभार

एक हल्की सी धुंधली रोशनी का कतरा जरूर

स्मृति की तरह

मन पर लिपट जाता है

मैं उसे छूने के लिए आगे बढ़ती हूँ

पर उँगलियाँ

कोहरे और स्मृति के बीच की किसी

अदृश्य दरार पर अटक जाती हैं

अंततः ठिठकी रह जाती हूँ

उन सवालों के जवाब के इंतजार में

जिनका जवाब कभी था ही नहीं

या शायद था

पर उनकी कामना मैंने बहुत पहले छोड़ दी थी।  

सच जैसा, सच नहीं


कब कोई मौसम,

एकांत के मौसम में तब्दील हो जाता है

कब एक उदासी,

त्वचा का रोमछिद्र बन जाती है

कब एक सच

अपने पूरे अस्तित्व के भार को हाजिर-नाजिर जान

कह उठता है,

दुनिया का शोर

मामूली है

गैर-मामूली है

भीतर की गूँज

कब जमाने का परखा हुआ कोई सच

एक दिन भरभराकर टूट जाता है 

जैसे पुरानी कांच की खिड़की

अपने ही पुरानेपन को ढोने से आज़िज़ आ गई हो

और कब उस सच के डहने का एकमात्र गवाह तक भी नहीं रहता। 


हमारा ठिकाना


दिन-रात बंटवारा झेलते हम,

सुबह जब आंख खोलते हैं,

बिस्तर से उठने और न उठने के बीच एक सलवट खिंच जाती है

मौन और संवाद के बीच,

चाहने और पा लेने के बीच,

हम लगातार दो टुकड़ों में चटकते रहते हैं।

यह जब मन पर होता है,

इसे हम असमंजस कहते हैं, अवसाद कहते हैं,

इसे हम

खुद से लड़ना या वफ़ादारियों का संकट कहते हैं

हम इसे भाषा की बारीक चादर से ढँक देते हैं,

ताकि भीतर रिसता हुआ ख़ून सभ्य दिखाई दे

मगर जब यही जब धरती पर होता है,

तो इसे हम विभाजन कहते हैं

तब इसमें सेनाएं आ जाती हैं, कांटेदार तार आ जाते हैं,

बहीखाते, दस्तावेज़ और सरहदें आ जाती हैं,

सच तो यह है कि नक्शे पर खिंची लकीर

महज़ एक नक़ल है उस बड़ी दरार की,

जो पहले से हमारे भीतर मौजूद थी


धरती का काम तो सिर्फ उस मलबे की गवाही देना है,

जो इंसानों के दिलों में सदियों से जमा हो रहा था

हम जिसे इतिहास की त्रासदी कहते हैं,

वह दरअसल हमारे रोज़मर्रा के बिखरने का ही एक भव्य, डरावना रूप है

हम हर पल शरणार्थी हैं,

अपने ही विचारों में, अपने ही घर में,

एक हिस्से से दूसरे हिस्से की तरफ़ भागते हुए,

बिना यह जाने कि

हमारा मुकम्मल ठिकाना

कहाँ है ?

डर का चेहरा


मैंने कई बार

डर का चेहरा छूना चाहा है

वह वैसा नहीं था

जैसा लोग बताते हैं।

उसके पास कोई मुखौटा नहीं था,

न कोई चाकू,

न कोई धमकी।

वह तो मेरी ही तरह

थका हुआ बैठा था

मेरे बिस्तर के किनारे।

उजला तो वह नहीं था।

लेकिन काला भी नहीं।

उसका रंग

उन आँसुओं जैसा था

जो बहुत दिनों तक रोए न जाएँ।

मैंने पूछा उससे,

तुम कौन हो?

उसने उत्तर नहीं दिया।

सिर्फ मेरी हृदय में

एक छोटा-सा पक्षी छोड़ दिया

जो सारी रात

अपने पंख फड़फड़ाता रहा।

डर की आँखें

बहुत दूर नहीं देखतीं।

वे भीतर देखती हैं,

उन कमरों में

जहाँ हम बरसों से नहीं गए,

जहाँ एक बच्चा

अब भी उकड़ू बैठा हुआ है

और अपने टूटे हुए खिलौनों में सांस ढूंढ रहा है ।

डर की आवाज़ मीठी नहीं होती।

लेकिन वह चीखती भी नहीं।

वह उस माँ की तरह बोलती है

जो बहुत रो चुकी हो,

और अब सिर्फ चुप रहना जानती हो।

कभी-कभी मुझे लगता है

डर रोटी नहीं,

एक प्रार्थना है

हर दिन हम उसे तोड़ते हैं,

हर दिन

थोड़ा-थोड़ा खा लेते हैं,

मगर फिर भी भूखे ही रह जाते हैं।

लेकिन एक दिन

मैंने देखा,

डर मेरे सामने बैठा रो रहा था,

उसकी हथेलियाँ काँप रही थीं।

उसकी आँखों में

मेरी ही परछाई थी।

तब मुझे यह बात समझ में आई कि 

डर को सबसे अधिक डर 

उस इंसान से लगता है

जो अपने जख्मों को छिपाना छोड़ दिया है,

और जिसने अपने अँधेरे को

अपना ही नाम दे दिया है।

जो टूटकर भी

अपने भीतर की रोशनी से

इनकार नहीं करता।

उस दिन

डर उठा,

उसने होले से मेरे माथे को छुआ,

और चला गया।

जैसे वह कभी था ही नहीं।


मैंने देखा मेरे सामने एक खाली कुर्सी थी,

और उस पर थी 

हल्की-सी रोशनी।




विपिन चौधरी 


हरियाणा के भिवानी जिले के गाँव खरकड़ी माखवान में जन्म 

प्रकाशित कृतियाँ: 

कविता संग्रह: अंधेरे के मध्य से, एक बार फिर, नीली आँखों में नक्षत्र, संसार तुम्हारी परछाईं   

कहानी संग्रह: बटौडा

लेख संग्रह: म्हारी बात ( स्त्री-जीवन पर केंद्रित लेख)      

जीवनी: मैं रोज़ उदित होती हूँ (माया एंजेलो की जीवनी)

अनुवाद : अंग्रेजी राज़ में भूतों की कहानियाँ( रस्किन बॉन्ड) 

जिंदा दफ़न ( सरदार अजित सिंह की जीवनी), 

ऐमिली ब्रॉनटे की जीवनी

संपादन: रेतपथ ( युवा कविता विशेषांक), युद्धरत आम आदमी ( स्त्री कविता विशेषांक )


सभी पेंटिंग्स pinterest से साभार।



Comments

  1. विपिन चौधरी की कविताएँ गहरे प्रभावित करती हैं।यहाँ एक मंद्र संताप है,गहरी लालसा और बिलकुल नये बिम्ब—वे प्यास जिनमें बहुत दिन से चाय नहीं पी गई,पत्तों पर ठहरी बूँदों का भार…।
    —अरुण कमल

    ReplyDelete
  2. प्रीति श्रीवास्तव22 November 2026 at 13:02

    बहुत खूबसूरत कविताएं, मन को छूती हुई।

    ReplyDelete
  3. बालकीर्ति कुमारी22 November 2026 at 13:03

    बहुत सुंदर कविताएं बहुत धीरे से छूते हुए
    रजवाहे में रज की निवृत्ति भी है प्रवृति भी।

    ReplyDelete
  4. रतन चंद रत्नेश22 November 2026 at 13:03

    बहुत खूब। अकाट्य सत्य।

    ReplyDelete
  5. प्राजना गुप्ता22 November 2026 at 13:04

    बहुत सुंदर कविताएँ।

    ReplyDelete
  6. सत्यकेतु22 November 2026 at 13:04

    निजी संवेदना और स्वानुभूति का वृहत्तर प्रस्फुटन विपिन की कविताओं में खूब मिलता है और असरदार तरीके से उपस्थित होता है। छूट गई जगहों, परित्यक्त चीजों, आहत भावनाओं, हिफ़ाज़त के लिए इस्तेमाल तरक़ीबों को बेपटरी दौड़ रही जि़ंदगी से इतनी सफाई से जोड़ती हैं कि सारे कील-कांटे, खाई-गड्ढे खुद-ब-खुद उभर आते हैं, साफ-साफ दिखाई देने लगते हैं। उनके यहां स्मृतियां बहुत सघन हैं। दुख, डर और सच की भीतरी परतों को विशेषज्ञ की तरह सही-सही स्कैन कर लेती हैं। तथ्यों, भावों और शब्दों की इन्हीं पच्चीकारी की वजह से विपिन अलग स्तर की कवयित्री नज़र आती हैं। 'बड़े होने का सबसे बड़ा दुख/शायद यही है,/कि जो कभी/सिर्फ़ व्यवस्था थी,/अब संदेह लगती है।' इतने गहरे भावबोध की पंक्तियां रच रहीं विपिन की कविताएं अपना प्रमाण खुद प्रस्तुत करती हैं।

    ReplyDelete
  7. नेहा नरूका23 November 2026 at 06:59

    बहुत सुंदर कविताएं।

    ReplyDelete
  8. सीमा सिंह23 November 2026 at 20:30

    बहुत अच्छी कविताएँ।

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

अच्युतानंद मिश्र की कविताएं

विजय कुमार की कविताएं

अंशु मालवीय की कविताएं