सत्यकेतु की नई कविताएं
सत्यकेतु
संघर्ष,यातना और प्रपंच के बीच फलता-फूलता गांव और गांवों में सुलगे गोयठे की तरह सुलगता जीवन इन दिनों दृश्य से लगभग गायब कर दिया गया है और जो गांव हमें दिखाया जा रहा है वह समृद्ध, खूबसूरत और चमकदार है। सत्यकेतु की कविताओं में जो गांव है वह अब भी वही है, पुराना,धूल-धुसरित और लहू-लुहान। यहां एक तरफ तो लहलहाती फसलें हैं और दूसरी तरफ गांवों को निगलती नदी।जीवन इसी के बीच मौत के साथ आंख मिचौली खेलते हुए आज भी पल रहा है।यहां प्रस्तुत कविताओं में अपने समय को,संघर्ष को,त्रासदी को और उस जीवटता को स्पष्ट रूप से महसूस किया जा सकता है जो मनुष्य की रगों में रक्त के साथ बह रहा है।
सत्यकेतु की नई कविताएं
इन दिनों कतई सुलभ
इसलिए बेजान दिखते हैं दस्तख़त
कलम की जिस नोक को
उम्मीद की तरह
बड़ी हसरत से निहारते हैं
हजारहां फरियादी
उसे चंद अहसानों के एवज में
बेपरवाही के काग़ज़ पर चलवा देते हैं मातहत
उपयोगिता कम हो जाने से
इंसान ही नहीं
दस्तख़त का भाव भी गिर जाता है
भरोसा टूटता है
विश्वास दरकता है
अकेलापन किसी परित्यक्त कोठरी में बिसूरता है
वज़न किसी अनदेखी फाइल में गुम हो जाता है
यौं पतझड़ में बिखरे पत्तों को
अनादर का पांव खंडित होने की हद तक कुचलता है
मीठे पानी के स्रोत से गंध आए
कदम बढ़े और रास्ता बंद हो जाए
ठहरे रोज़गार के सिर कर्ज़ चढ़ जाए
दमभर दवा करें और मर्ज बढ़ जाए
पुकार की दिशा में पीठ कर दी जाए
आवाज़ उठे और देह तोड़ जी जाए
निश्चय ही समझें
दांव पर लग चुकी इंसानियत और इज़्ज़त
धड़ाधड़ हो रहे अनचाहे-मनचाहे दस्तख़त
दस्तख़त
उचित-अनुचित का आईना होता है
जय-पराजय के मायने बताता है
जीवन के हर शय में शामिल
मृत्यु के वरण का भी वाहक होता है
दिला दे कब तख़्त-ओ-ताज
कह नहीं सकते
गिरा दे कब गर्त में साख
दिखा दे तीली, भड़क उठे आशियाने में आग
बंद मुट्ठी, बंद कोठरी
बंद शाला, बंद निवाला
बंद सीढ़ी, बंद पीढ़ी
बंद लिफाफा, बंद मुनाफा
केवल दयनीय स्थिति का द्योतक नहीं
बेजा हरकत, ग़लत नीति का पोषक है
अभिप्राय सबका एक शब्द भिन्न करता है
पत्र के पायताने बैठा वो दस्तख़त होता है।
सभ्यताएं नदियों को संभाल नहीं पातीं
सभ्यताएं नदियों को संभाल नहीं पातीं
किनारे बसती हैं
अपने हक़ में उपयोग करती हैं
दोहन की गाद भर जाने पर
पार निकल जाने का उपक्रम करती हैं
या तेज बहाव से डगमगा कर
पांव पीछे खींच लेती हैं
संबंध हो या सरिता
गहराई की थाह लेने
भीतर उतरना होता है
यही काम सभ्यताएं कर नहीं पातीं
सभ्यताओं के हक़ में अच्छा है
कि वे नदियों के आसपास, आरपार होती हैं
अकरणीय, अनर्गल प्रवाहित हो जाने से
अनगिनत अनुचित का सामना करने से बच जाती हैं
बची-खुची साख साथ रह जाती है
कुछ अपनत्व शेष रह जाता है
कुछ प्रेम बचा रह जाता है
कुछ स्वप्न अपने रह जाते हैं
कुछ फूल खिले रह जाते हैं
कुछ बीज अंकुरित हो जाते हैं
कुछ रिश्ते कायम रह जाते हैं
सभ्यताएं मनगढ़ंत मर्यादा की मारी होती हैं
बेहिसी और बेअक्ली की गुलाम होती हैं
जब भी फैसले की घड़ी आती है
उचित कहने वाला
न एथेंस में बचता है
न अयोध्या में मिलता है
जीवन साथी के ज्ञानी होने का उत्सव
न वैशाली की यशोदा के मतलब का होता है
न कपिलवस्तु की यशोधरा के हिस्से आता है
जिस राह को चुनकर
कोई कैदी मंडेला बन जाता है
ठीक उसी वजह से
प्रणेता गोली और गाली खाता है
सभ्यताएं मोहब्बत से खार खाती हैं
सहकार, सरोकार से दूर भागती हैं
दिख जाए अगर मुस्कान की कोई वजह
पत्थर, किताबी कानून से वार करती हैं
कत्सिना की अमीना हो या नेका की सलालेह
अप्रिय के विरोध में
कितने प्रजापति का सामना करेंगे वीरभद्र
राधा नाम का जप करने वाले भी
वृंदावन के भीतर-बाहर रोज़ करते हैं अनर्थ
क्या करेंगी ऐसी सभ्यताएं नदी पार करके
कुछ झूठ बेचेंगी
कुछ फरेब करेंगी
कहीं ख्वाब तोड़ेंगी
कहीं नाम डुबोएंगी
क्या मिलेगा अपनी ही इज़्ज़त तार तार करके
वाशिंदों पर हनक जमाने
सभ्यताएं पुल बनाती हैं
ऊंचे-ऊंचे बांध खड़े कर
नदी का रास्ता रोकती हैं
किनारों की किलेबंदी कर
दायरे के जहाजों पर नकेल डालती हैं
बाजारों पर कब्ज़ा जमाकर
घरों तक कचरा पहुंचाकर
सभ्यताएं आर-पार जीतने के कसीदे पढ़ती हैं
और नदी...
सभ्यताओं के झूठे गुरूर पर मुस्कुराती
शेष पानी के साथ
अपनी रौ में बहती
आगे निकल जाती है।
किनारे के फूल
कोई दुनियादार मांगता नहीं
काम का कोई मानता नहीं
नहीं रखा जाता बोनट पर बतौर बानगी
सेमिनारों का मुंह भी कहां देखता कभी
चमक ढंके रखती है
अनदेखी की धूल
अनकहे इंतज़ार में
पड़े रह जाते हैं किनारे के फूल
सुबह सुबह साफ-सुथरे
कलफ लगे कपड़ों में
चमकते जूते-मोजे पहने
सीखने के सामान से भरे बैग टांगे
अपने हमउम्रों को स्कूल जाता देख
कातर ख्वाब में फंसे बच्चे
काम पर ध्यान देने
तेजी से हाथ चलाने के लिए घुड़के जाते हैं
जैसे स्वागत, सजावट और चढ़ावे के लिए
बासी, गिरे, सूखे, बिन खिले फूल
बेकद्री से उछाल दिए जाते हैं
अनादर के ऐसे पलों में
भेड़िये चीन्हती एब्सर्ड नज़र
मटियानी के मर्म बहुत याद आते हैं
अकसर ही कुछ अहम सूत्र
छूट जाते हैं हाशिए पर
अनुक्रम से अछूते रह जाते हैं
किसी प्रत्यय की प्रतीक्षा में कृदंत
विशेषण के बग़ैर तद्धित के स्वर
हर कतार में होती है
आंगिक,वाचिक भंगिमाओं की धमक
मिट्टी, पानी और आग
कैटेलॉग से कतई बाहर
समानांतर सभ्यताओं का मिलन संभव नहीं
चौड़ी होती खाई पाटे जाने का अनुभव नहीं
चमचमाते जूतों की तरफ ढलकते आम, अमरूद
नीलकंठ के हिस्से अमूमन, सलाहियत मरदूद
वाया गर्दन, चरण से चुटिया तक
चढ़ाए, सजाए जाने के पलों बाद
बेकद्री का घूंट पीते हैं चमेली, गेंदा, गुलाब
उस वक्त भी स्व के साथ पड़े रहते हैं
किनारे के फूल।
काग़ज़ का सच
काग़ज़ का सच भरमाता है
दिमाग़ का संतुलन बिगाड़ता है
कार्य संपादन का वहम पैदा करता है
परिणाम से उत्पन्न आशंकाओं को
झिलमिलाते कारणों से दूर करता है
काग़ज़ का सच
वास्तव में अव्वल दर्जे का वहम होता है
ज़िम्मेदार समूह जिसे
अराजकता के फार्मूले से तैयार करता है
जैसे यह कहना सरासर झूठ है कि
कहीं भी बच्चों से श्रम नहीं कराया जाता
मजदूरों को समयानुकूल उचित वेतन देने का दावा
महिला श्रमिकों को समान पारिश्रमिक का आंकड़ा
कार्यस्थलों पर नैसर्गिक संसाधनों की उचित व्यवस्था
दैहिक उत्पीड़न और हिंसा विहीन कार्यदायी संस्था
शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन सेवाओं का दुरुस्त होना
हर हाथ रोजगार, रिश्वत के बिना किसी काम का होना
-सब झूठ है, टोटल भरम है
मगर स्थानीय, प्रांतीय और राष्ट्रीय रजिस्टर में हरेक चीज़ दुरुस्त है
धर्म और जाति के नशे में सच और झूठ का भेद भूल चुकी जनता
यहां हर कदम किया जाता है भेद, जाने क्यों यह समझ नहीं आता
संवैधानिक, नैतिक कर्तव्य किनारे हो गए
केवल बाज़ार, पूंजी के देवता पूजे जा रहे
कायदा-कानून की दिन-रात उतारी जा रही आरती
बंदिशों के यज्ञ में दी जा रही अधिकारों की आहुति
पूंजीपतियों के हित में
किसानों के हाथ बांध रहे नए नए कानून
कारखानों, खदानों में
मजदूरों को जख्म दे रहे असुविधाओं के नाखून
एक-एक कर समर्थ संस्थाएं बिक रही हैं
जनतंत्र की वल्लरियां धीरे-धीरे बदरंग हो रही हैं
कार्यपालिका खुरच रही विधायी, न्याय के खंभ
धरातल छोड़ रहा लोकतंत्र का चौथा स्तंभ
बांध-बिजली से सहमी हैं नदियां, पहाड़ मौन है
दीपक तले अंधेरे का ज़िम्मेदार आख़िर कौन है
बिखरते जा रहे कुटुंब, गिनती के लोग हो रहे आबाद
भूख साधे बस्तियों से दूर, थाली-पत्तल हो रहे बर्बाद!
शहर पहुंच गए सांप
गांवों में बाड़ियां-झाड़ियां बहुत होती हैं
हर तरफ हरियाली छाई रहती है
इन्हीं से वातावरण साफ रहता है
खुली हवा को भी इनका साथ मिलता है
इन्हीं में कुछ जड़ी, कुछ बूटियां होती हैं
रात-बिरात, आपात स्थिति में काम आती हैं
हल्के ज़ख़्म हो जाएं
हड़्डियां चोट खा जाएं
मांसपेशियों में खिंचाव आ जाए
थकान ज़्यादा हो
अपच हो या पेट फूल जाए और डॉक्टर उपलब्ध न हो
या तत्काल अस्पताल तक जाने का प्रबंध न हो
आस-पड़ोस के बड़े-बुजुर्ग
जड़ी वाली झाड़ी, बूटी वाली लता ढूंढ लेते हैं
तकलीफ कम करने के नुस्खे बता देते हैं
इन्हीं झाड़ियों और बाड़ियों में जहरीले कीड़े
बिच्छू और सांप भी होते हैं
इंसानों के साथ सह अस्तित्व में जीते विचरते हैं
अक्सर ही आमने सामने हो जाते हैं
मजबूरी न हुई तो अपना रास्ता बदल लेते हैं
करो या मरो की दशा में ही एक-दूसरे पर वार करते हैं
सांप सुविधाएं नहीं पहचानते
मिट्टी हो या कंक्रीट, उसका फ़र्क़ नहीं जानते
कभी भूख मिटाने, कभी हवा खाने
कभी नई राह तलाशने, कभी पुरानी त्वचा त्यागने
सांप यहां-वहां, जहां-तहां विचरते रहते हैं
चलते रहते हैं, निरंतर सक्रिय रहते हैं
झाड़ियां शहर में भी होती हैं
सांपों की उपस्थिति वहां भी होती है
अपने स्वाभाविक आचार-व्यवहार के साथ ही जीते हैं
ख़ुद पर संकट न आए तो इंसानों से कन्नी काट लेते हैं
मसला कुछ इंसानों के बर्ताव से बनता है
जब सांप उनके दिमाग़ में घुस जाता है
तिकड़मी गांव में रहें या शहर में बसें
उनका मन करता है कब किसको डसें
वे भले लोगों को गांव से भगाते हैं
चैन न पड़ा तो शहर में भी सताते हैं
बग़ल का वास उनकी आंखों में चढ़ा होता है
हंसता परिवार उनकी नज़रों में गड़ा रहता है
अक्सर वे ही मुसीबत का शोर मचाते हैं
अगले को रुलाने की हर तरक़ीब भिड़ाते हैं
गांव में सफल हुई कुटिल योजनाओं को
ऐसे लोग जब भली-भांति लेते हैं नाप
बड़े अदब से, सर्पीले भावों से भरा
संदेश प्रसारित करते हैं--शहर पहुंच गए सांप!
कोसी में ननिहाल
कुर्सेला में गंगा से मिलने के पांचेक किलोमीटर पहले
कोसी जिन गांवों को अपना जलवा दिखाती है
अपनी तेज़ धार और कटान से
वर्षों की मेहनत पर पल में पानी फेर देती है
मेरा ननिहाल मदरौनी उनमें से एक है
वहां पीढ़ियों का इतिहास लगातार बदलते भूगोल का साक्षी है
टिकने से पहले रहवासियों के कदम उखाड़ती कोसी
संभलने का अवसर दिए बग़ैर
मकान-दुकान, खेत-खलिहान
माल-मवेशी सब अपने पेटे में समेट लेती है
कमला-कोयला कोसी से दिन-रात दुआ मांगती आबादी
कुछ कुछ सालों के अंतराल पर देखती है अपनी बर्बादी
हर साल बीत जाने पर कोसी की बाढ़
लोग करते हैं डीह और खेतों के उबरने का अंतहीन इंतज़ार
उसी मदरौनी के बालू टोला में मेरा जन्म हुआ
वहीं पला-बढ़ा, कंठ से पहला स्वर फूटा
उसी मिट्टी में खेला, उन्हीं पगडंडियों में चलना सीखा
वहीं के पन्नों से भाईचारा, मोहब्बत का अंतिम पाठ पढ़ा
बड़ा सा आंगन, बड़ा सा दरवाजा
बड़ी बड़ी कोठरियां
बड़ी बड़ी बाड़ियां
चारों तरफ फैले उपजाऊ खेत
चौहद्दी पर खड़े शीशम के कई पेड़
चौखड़े के साथ खड़े गोपाल लड्डू की छांव मिलती
पीछे बंबइया, मालदह और गुलाबखास की सुगंध फैलती
तीन नाना, सात मामाओं का बसेरा था
तीन नानी, सात मामियों से भरा सवेरा था
सबसे छोटी और सबकी दुलारी थी मेरी दाय
तीन भाइयों की अकेली बेटी, एक बहन के सात भाय
पंद्रह भाइयों, पांच बहनों का ममहर ग़ज़ब निराला था
भाभियों, बहनोइयों की हंसी-खुशी से जीवन बेहद मीठा था
अनुचर बौका, गणेशी तक सबके मुंगलगे थे
कुली भुजंगी का भी कोई अनादर नहीं करते थे
गायों की टुनटुनी से हर पहर गुलजार रहता था
बैलों की घंटियों से राग मल्हार फूटा करता था
खेत जोताई, फसल ढोआई का जिम्मा उठाने के साथ साथ
बहू-बेटियों को टप्परवाली गाड़ी से स्टेशन पहुंचाते थे वृषभनाथ
सहोरा में घटही नाव से कोसी पार कर
मेहंदी बासा तक दौड़ती थी बैलगाड़ी
माघी पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने, बटेसर मेला घूमने
भोर में पूरी धज से निकलती थी दो-तीन टप्पर की सवारी
फसलों भरा मटखभा खेत
बांस-शीशम-आम के पेड़
मां के वंशजों से सजा डीह
रह गई बस स्मृतियों की चीज़
अवचेतना में पड़ी है घनी बसावट
सपने में भी होती है बड़ी घबराहट
कैसे काट रही है कोसी मेरा ननिहाल
किस तरह भाग रहे भाई-बंधु बेहाल
अधिकांश गए पूर्णिया, बाकी भागलपुर
टूट गई संगत, बिखर गए सारे नूपुर
मदरौनी अब भी जाना होता है कभी-कभार
गंगापुर टोले में मिलता है लालबाबू का परिवार
त्रिभुवन और केदार मामा नहीं रहे
प्यारे अरविंद भैया भी असमय चले गए
देखते ही खिल उठते हैं विधुशेखर, आलोक भाई
उनका अपनापन ही है जीवन की असल कमाई
निहारता हूं कोसी के तेज बहाव से बचा किनारा
खोजता हूं कहां होगा आंगन के बगल का इनारा
गुहारता हूं - लौट जाए कोसी,पकड़ ले पुरानी धार
अवशेष ही सही, हो जाए न्यारे ननिहाल का दीदार!
चिट्ठी लाई फरमान
चौबीसों घंटे घनघनाते मोबाइल फोन के ज़माने में
डाकिये के हाथ चिट्ठी आई देख
सुखद आश्चर्य हुआ
प्रेषक में भाईसाहब का नाम देखकर
किंचित शक, फिर रोमांच से भर उठा
पहले जब चिट्ठियों का चलन था
गांव के पते में दर्ज होने वाले आवश्यक संकेत
जैसे केयरऑफ में परिवार के मुखिया का नाम
पोस्ट ऑफिस, थाना, जिले का ज़िक्र और पिन याद रहते थे
लंबे अंतराल के बाद आई चिट्ठी की बाईं ओर
प्रेषक पते में दर्ज़ सूचनाओं से पता चला कि
भौतिक विकास के साथ जगहों का ओहदा भी बढ़ गया है
गांव अब पंचायत हो गया है
पोस्टऑफिस वाली जगह में बन गया ब्लॉक, थाना सुनते हैं
थानेदारी वाले इलाके अब तहसील की हैसियत रखते हैं
तहसील अपग्रेड होकर पुलिस जिला बन गई है
खंडित होने के बावजूद जिले का नाम अब भी वही है
किसी स्थान का मूल स्वभाव कभी नहीं बदलता है
पिन के तौर पर चल रहा बरसों पुराना कोड दर्शाता है
स्वभाव मेरे गांव का भी नहीं बदला
कभी कभी फोन पर हुई बातचीत में बचपन के दोस्त बताते हैं
पट्टीदारों की ज़मीन, घरों पर कब्ज़ा दबंग अब भी करते हैं
चुगलखोरी, मुखबिरी से जीना हराम करना वैसे ही जारी है
पहले की तरह राह चलते, दिनदहाड़े हत्या की जा रही है
कुशलक्षेम के बाद भाई साहब ने अपनी दुविधा बताई है
चिट्ठी की दूसरी पंक्ति से ही
घर, ज़मीन और अन्य असबाब की याद दिलाई है
लिखते हैं, बढ़ रहा है परिवार उनका
अब उन्हीं कमरों में नहीं होता गुजारा
उनके हिस्से के एक कमरे में बहू ने ताला जड़ दिया है
दूसरा कमरा ससुराल छोड़ आई बेटी ने हथिया लिया है
मेरे नाम के कमरे में बीमार भाभी रह रही है
साझे कमरे में मुश्किल से रसोई चल रही है
वो ख़ुद दरवाजे की कोठरी में सोते हैं
दालान में भूसा, उपला और पंपसेट का सामान रखते हैं
हो सके तो बनवा दूं दो कमरों का सेट खाली ज़मीन पर
दामाद को फ्रेश होने के लिए कब तक भेजेंगे दूसरों के घर
अच्छा नहीं लगता सुबह सुबह मेहमानों को भेजना खेत पर
भले मेरा जाना न हो पाएगा, एक निशानी रहेगी जीवन भर
फिर सूचित करते हैं-
शीशम के सौ पेड़ सूख रहे थे, बेच दिया है
आम में कीड़े लग रहे थे, उन्हें भी कटवा दिया है
हाथ की तंगी थी, मेरे हिस्से के पैसे भेज नहीं पाए
नाती-पोते के जन्मदिन
शादियों की सालगिरह मनाने में खर्च हो गए
उनकी ससुराल, समधियाने वाले मुए आते रहते हैं
मजबूरी है, हर दूसरे दिन मछली-मांस सीझते रहते हैं
आगे बताते हैं-
कुछ खेत बिक गए हैं, कुछ को रेहन पर रख दिया है
नदी की पेटी से उबरी ज़मीनों को बटाई पर दे दिया है
बाकी खेत की फसल बेचकर सालभर गुजारा होता है
जीवन और स्वास्थ्य बीमाओं का किस्त भरना पड़ता है
सर्वे का काम चल रहा है, वंशावली बनाई जा रही है
छोड़ दूं दावा अगर, घर में बहस इस पर चल रही है
साधिकार मेरी सहमति की चाह पर चिट्ठी खत्म हो गई है
बेचारगी की फेहरिश्त में छिपी बेदखली की योजना दिख रही है
फसलों के पैसे आने की उम्मीद पर पानी फिरता लग रहा है
डीह-डाबर और मकान छोड़ने का फरमान अंगड़ाई ले रहा है
किसे और कैसे बताऊं...
उनके ही गड्ढे भरते भरते यहां कंगाली छा गई
घर बना न हुई बचत, अपनी झोली खाली रह गई
किस तरह मोहब्बत के मुखौटे लगाए रहते हैं लोग
कब्जेदारी के खेल का शुरू से बनाए रखते हैं योग
कब तक करें सम्मान, क्यों न भेजें जवाब में प्रतिकार
कितने भी घनिष्ठ हों
नहीं छीन सकता कोई किसी का अधिकार!
जेन ज़ी और गालियां-1
जेन ज़ी की दुनिया है सतरंगी
खिली खिली, हरी-भरी
अलग ही मिट्टी की बनी
अस्त व्यस्त, मस्त मस्त सी
न नाहक तनाव
न बेवजह लिहाज़
आंखें अमूमन स्क्रीन पर
कान सुनते बस मतलब भर
नहीं लेते मुफ़्त की सलाह
ज़रा भी बेजा लगे कोई बात
ठक से देते हैं मोटा जवाब
वे दोस्तों के बीच होते हैं
जमकर दोस्ती निभाते हैं
बिन रंग देखे, रंगों में घुमड़ते हैं
टीका लगाते न टोपी पहनते हैं
उनके मुहावरे अलग हैं
इशारे ग़ज़ब
बिंदास बोलते हैं
मगन डोलते हैं
युगल हैं तो भेद नहीं
सिंगल भी मचलते हैं
लाज की भी बात हो तो तड़ से
राज़ खोलते हैं
जेन ज़ी को उन ज्ञानियों से है परहेज़
जिनकी सोच है घिसी-पिटी
उपस्थिति खंडहर सा निस्तेज़
जो नहीं दे सकते उचित के पक्ष में तर्क
अनुचित के विरोध पर करते हैं कुतर्क
जेन ज़ी सावधान हैं, सारे विधान जानते हैं
अधिकार क्या, कर्तव्य क्या
काम क्या, अनुबंध क्या
समय के चक्र को ख़ूब पहचानते हैं
उनके तप्त ख़ून में है बेतरह जुनून
वो शमां हैं, परवाने भी
मुस्कुराहटों से हर कहीं बांटते हैं सुकून
भली लगी बात अगर, बजाते हैं तालियां
लौटाई भर बात तो कह दी, देते हैं गालियां!
जेन ज़ी और गालियां-2
जिनको इनसे ऐतराज़
न पाते कुछ भी संस्कार
घूरते हैं इस तरह
ख़ुद पाले मन में कुविचार
जानते हैं जेन ज़ी
कुढ़ने वालों का इलाज़
सभ्यता की सीख से
जो करते हैं शातिर शिकार
जानते हैं जेन ज़ी
गालियां हथियार हैं
मुक़ाबले में जो रहें
मुक़ाबिल तैयार हैं
घर से ही सीखीं गालियां
जहां पड़ती घड़ी-घड़ी
गालियों की बौछार हैं
गुरुजी स्कूल में
सिपाहीजी सुकून में
देते सिर्फ गालियां
रोज़ सरे बाज़ार में
लोग क्यों त्योहार में
बकते कैसी गालियां
मनचले यहां वहां
सिरफिरे जहां तहां
उगलते हैं गालियां
रोकने की कौन कहे
बजाते सारे तालियां
सावधान सभ्य लोग
जो ताक़त रहे हैं भोग
दुरुस्त कर लें स्वयं ही
ख़ुद की नलके-नालियां
सुनी नहीं सही सही
सुधारी नहीं खाता बही
उबल पड़ेंगे जेन ज़ी
उड़ेल देंगे गालियां!
सत्यकेतु
पेशे से पत्रकार और मिज़ाज से रचनाकार हैं। कहानी, कविता और नाटक में एकसाथ सक्रिय सत्यकेतु दिल्ली विश्वविद्यालय से दर्शनशास्त्र में एमए हैं। दोबारा काशी विद्यापीठ, वाराणसी से हिन्दी भाषा और साहित्य में एमए किया है। भारतीय ज्ञानपीठ से 'अकथ' और साहित्य भंडार से 'मंडी का महाजाल' नाम से कहानी संग्रह प्रकाशित हैं। साहित्य भंडार से ही नौटंकी 'कुंवर सिंह' और धरोहर प्रकाशन से नाटक 'मुक्ति' आया है। न्यू वर्ल्ड पब्लिकेशन से कविता संग्रह 'एक कर्मचारी की डायरी' और संपादित काव्यकृति 'चेतना के दस द्वीप' प्रकाशित है। चयनित रचनाओं पर आलेखों की पुस्तक 'वैचारिकी का स्क्वायर कट' विरुपाक्ष पब्लिकेशन से आई है।
कहानी संग्रह 'मंडी का महाजाल' के लिए मीरा स्मृति पुरस्कार, पत्रकारिता में विशेष योगदान के लिए लक्ष्मीकांत वर्मा स्मृति पत्रकारिता सम्मान और लोककलाओं के संवर्धन के लिए लोककलाविद् सम्मान से नवाजे गए हैं।
संपर्क : 9532617710 (ईमेल : iamsatyaketu@gmail,com
सभी चित्र pinterest से साभार









सत्यकेतु जी की ये कविताएँ अपने समय और समाज की विडंबनाओं का बेबाक दस्तावेज़ हैं। इनमें गांव की उजड़ती स्मृतियाँ हैं, नदी का अनवरत संघर्ष है, श्रम और हाशिए के जीवन की अनदेखी है तथा व्यवस्था के भीतर पलते छल और प्रपंच का पर्दाफाश है। ‘काग़ज़ का सच’ से लेकर ‘चिट्ठी लाई फरमान’ तक कवि ने सामाजिक और पारिवारिक यथार्थ की कई परतों को बड़ी सहजता से खोला है। विशेष रूप से ‘कोसी में ननिहाल’ स्मृतियों और विस्थापन की ऐसी मार्मिक अभिव्यक्ति है, जिसमें एक पूरे भूगोल के साथ आत्मीय रिश्तों के बिखरने की पीड़ा दर्ज है। इन कविताओं की विशेषता है कि वे केवल सवाल नहीं उठातीं, बल्कि अपने समय की असहज सच्चाइयों से हमारा सामना भी कराती हैं। लोकजीवन की मिट्टी, अनुभव की प्रामाणिकता और प्रतिरोध की चेतना इन्हें विशिष्ट बनाती है।
ReplyDeleteबहुत बहुत बधाई आपको 💐
शानदार कविताएं सत्यकेतु! जेन जी 2 मस्त है।
ReplyDeleteदस्तख़त के माध्यम से इंसान के जीवन में सरकारी नीतियों के असर को गहराई से सामने लाती है कविता। 'चिट्ठियाँ' में सगे रिश्तों में लालच और हड़पने की प्रवृत्ति को पैने से प्रस्तुत किया है।
'सभ्यताएं नदियों को सम्भाल नहीं पाती' कविता इंसानी प्रवृत्तियों के विभिन्न पहलुओं को सामने लाकर खड़ा कर देती है। विशेषकर लोभ लालच, औरतों को छोड़कर ज्ञान प्राप्ति के लिए निकल जाना। सबसे शानदार तो यह है कि लड़ने वालों को हर दौर में ही संकटों का सामना करना पड़ता है। यह सारांश प्रस्तुत कर रही है कविता।
'किनारे के फूल' समाज में मौजूद वर्गभेद को बेहद तीक्ष्णता से सामने लाती है। 'काग़ज़ का सच' कविता कागजों पर दिए आदेश और नीतियां कैसे साधारण नागरिकों के जीवन से ही खेल कर रही हैं, कॉरपोरेट घरानों की सेवा में नतमस्तक हैं, विरोध करने वालों पर, जनतांत्रिक अधिकारों का दमन करती शासन प्रशासन की नीतियों का तीखा प्रतिरोध करती है।
'शहर में सांप' इंसानों के लालच, साधन लोलुपता, हड़पने की प्रवृत्ति पर शानदार तंज है।
'कोसी में ननिहाल' बचपन की यादों के साथ साथ जीवन में प्रकृति की सहज उपस्थिति, संयुक्त परिवारों में आपसी संबंधों की गहराई को दिखाती है। कोसी नदी की बाढ़ में बह गए जमीन के खंडों को वापस ले आने की इच्छा में दरअसल उस परिवार की पारिवारिकता, संयुक्तता, स्नेह और संबंधों की मजबूती, फ़िक्र को वापस ले आने की चाह है जो आज के समाज में विलीन होती जा रही है। 'चिट्ठी लाई फरमान' कई सारा संदेश दे रही है। गाँव के लोग दूर शहर में रहने वाले अपने ही सगे रिश्तों के हिस्से को खा जाने के बाद भी किस तरह बार बार एहसास दिलाते हैं कि वो भारी कष्ट में हैं। शहर में रहता परिजन अपना सब कुछ खोकर भी उनके लिए कोई मायने नहीं रखता।
जेन जी 1 शानदार है। ये कविताएं वर्तमान हालात का दर्पण हैं। सामंती पूंजीवादी ढांचे के कारण जीवन में मानवीय मूल्यों के लगातार ह्रास पर सशक्त अभिव्यक्ति है।
सत्यकेतु जी की इन कविताओं को पढ़ते हुए मुझे उनकी दृष्टि की व्यापकता और अनुभव की प्रामाणिकता ने सबसे अधिक प्रभावित किया। खास बात यह है कि वे दृश्य के पीछे अदृश्य को भी पढ़ते हैं। ‘दस्तख़त’ में एक मामूली प्रशासनिक प्रक्रिया के भीतर छिपी सत्ता और मनुष्यता के क्षरण को देखना हो या ‘किनारे के फूल’ में फूलों के बहाने उन बच्चों और मनुष्यों की नियति को पकड़ना जिन्हें व्यवस्था उपयोग के बाद विस्मृत कर देती है। यह दृष्टि उल्लेखनीय है।
ReplyDelete‘सभ्यताएं नदियों को संभाल नहीं पातीं’ में नदी महज प्रकृति नहीं, सभ्यता के आत्ममुग्ध अहंकार और उसकी नैतिक विफलताओं का प्रतिपक्ष बनकर आती है। वहीं ‘कोसी में ननिहाल’ निजी स्मृति से निकलकर एक पूरे उजड़ते लोकजीवन का मार्मिक दस्तावेज़ बन जाती है।
इन कविताओं में प्रतिरोध है, लेकिन उसके भीतर जीवन और मनुष्य के प्रति गहरी आत्मीयता भी है।
इन कविताओं से रूबरू कराने के लिए कौशिकी के संपादक जी का विशेष आभार।
सत्यकेतु जी की कविताएँ अपने समय, समाज और व्यवस्था की विसंगतियों का बेहद प्रखर एवं संवेदनशील दस्तावेज़ हैं। लोकजीवन की मिट्टी, स्मृतियों की आत्मीयता, विस्थापन की पीड़ा और प्रतिरोध की चेतना इन कविताओं को विशिष्ट बनाती है। विशेष रूप से ‘कोसी में ननिहाल’ मन को गहरे तक छूती है। इन रचनाओं में कविता केवल अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि समय से किया गया सार्थक संवाद है। सत्यकेतु जी को इस सशक्त सृजन के लिए हार्दिक बधाई एवं कौशिकी का आभार।
ReplyDeleteसत्यकेतु जी मूलतः पत्रकार हैं| दरअसल हमारी मूल मुश्किलें यह है कि हम 'मूलतः' में ही फंसे रहना चाहते हैं, उससे पार के रकबे पर निगाह नहीं डालना चाहते| गर निगाह डालें तो 'सभ्यताएं नदियों को संभाल नहीं पातीं', 'कोसी में ननिहाल' और ' दस्तख़त' जैसी अव्वल कविताएं देखने /पढ़ने को मिलें कि 'कैसे काट रही कोसी मेरा ननिहाल/किस तरह भाग रहे भाई- बंधु बेहाल/टूट गई संगत, बिखर गए सारे नुपूर|' और सभ्यताएं नदियों को संभाल नहीं पातीं - 'दोहन की गाद भर जाने पर/ पार निकल जाने का उपक्रम करती हैं|' ख़ैर, इन कविताओं के मन - मिज़ाज़ को देखकर पूरे मन से यह कहा जा सकता है कि सत्यकेतु जी पेशे से पत्रकार ज़रूर हैं पर मन मिज़ाज से वे एक बेहतरीन कवि हैं|बहरहाल, एक कवि से बेहतर भला कौन जान सकता है फ़ानी दुनिया का सच? 'दस्तख़त' कविता की ये सिग्नेचर पंक्तियां गौरतलब हैं -
ReplyDelete'उपयोगिता कम हो जाने से
इंसान ही नहीं
दस्तख़त का भाव भी गिर जाता है|'
कौशिकी का आभार बेहतरीन कविताओं से रूबरू कराने के लिए🌷
सत्यकेतु जी वर्तमान समय के एक बहुत अच्छे साहित्यकार हैं . मेरे लिए अच्छे इस सेंस में की वे सच्चाई के साथ बड़ी ईमानदारी से बात को कहते हैं . सत्यकेतु जी को पढ़ना प्रारंभ करते ही आपकी भाषा , शब्द चयन , उपमा से मिट्टी की गंध आने लगती है . साफ़ पता लगता है कि रचना वहीं किसी खेत , खलिहान या चौपाल पर बैठ कर लिखी गई है यह किसी ड्राइंग रूम की कपोल कल्पना या लिखावट नहीं है . यह किसी फ़िल्म की स्क्रिप्ट राइटिंग नहीं है . यह वस्तुस्थिति है समय और देश की सच्चाई है . इस सच्चाई से कितना फ़र्क़ पड़ेगा यह दीगर बात है क्योंकि आज वह कारक नहीं बचे हैं जो सच्चाई से फ़र्क़ पड़ने को अपने भीतर आत्मसात कर लें . जिस तरह सच के समानांतर एक शक्तिशाली नैरेटिव खड़ा कर दिया जाता है , उसी तरह ज़रूरी है कि सच को भी मजबूती से कहा जाये बिना इस चिंता के कि मेरे सच से फ़र्क़ नहीं पड़ेगा . सच कम से कम समय का दस्तावेज़ तो होगा. सत्यकेतु का सत्य समय का दस्तावेज है और आगे भी रहेगा . किताबें हों या यह डिजिटल मीडिया पर एक उपस्थिति वह मिटने वाली नहीं है . यह ठीक है कि इस लिखे को मिटाने की भी तमाम कोशिशें होंगी लेकिन अभी यहाँ तक सिस्टम को आने में वक़्त लगेगा . वही वक़्त जो इतिहास लिखता है और भविष्य बदल देता है . बात करूँ कविताओं की तो दस्तावेज़, कागज, दस्तख़त हमारी चेतना को झकझोरते हैं . जेंन जी बिंदास है लेकिन गाँव से आई चिट्ठी बड़ी मारक है . यह वहाँ की सच्चाई तो बखान करती है लेकिन वहाँ के लोगों के बीच बसी धूर्तता , चल कपट और मार काट अत्याचार की संस्कृति का विकास के बाद भी अपरिवर्तित रह जाने को बखूबी रेखांकित करती है . बल्कि समय के साथ इसके रूप के बदलने और बड़े होने को दिखाती है . किस तरह वह शहर के अपने किसी आत्मीय का भावनात्मक शोषण और दोहन करने पर उतारू है यह बात आँखें खोलती हैं . शोषण एक तरफ़ा नहीं है यह समाज के बीच दुधारू तलवार सा प्रतीत होता है .
ReplyDeleteइसके बीच कोशी नदी के किनारे का सच और उस सच में साँस लेने की स्वीकारोक्ति के बाद आस पास के चरित्रों को खोज भी इस संकलन का महत्वपूर्ण पहलू है . आदमी के जीवन की नश्वरता के बोध के बीच भी उसका लोभ किस तरह ज़िंदा है इसे हम इन रचनाओं में बखूबी देख सकते हैं . हाँ जेन जी को हम बस इतना ही जान पाये हैं कि उसने सच को सच ही स्वीकारा है उसे फ़ालतू बातों और ज्ञान से कोई उलझा नहीं सकता और यही उसकी ताक़त है . बेबाकी उनकी रेसिपी.
सत्यकेतु जी अपनी लेखनी से ऐसे ही निरंतर समाज को झकझोरते रहें . बधाई 🎉 🎉🎉🎉 निरंतर अच्छे लेखन के लिए . यह परिश्रम और जिगर का लहू माँगता है .
मुरली मनोहर श्रीवास्तव
www.murlispeaks.com
भ्रष्ट आचरण से अछूता नहीं बचा दस्तख़त। खो चुका है अपनी साख पायताने पर बैठा दस्तख़त। यथार्थ बयां करती आइने सी खूबसूरत कविता है दस्तख़त। सत्यकेतु जी की नज़र किनारे के फूल पर क्या पड़ी कि वे कविता में बदल गए। और कविता की व्यंजना मारक हो उठी। वास्तविक सच और काग़ज़ के सच के फर्क को रेखांकित करती कविता कितनी मानीखेज है। अन्य सरिसृपों की तरह सांप भी निरापद जीव है। गांवों का जीवन पारिस्थितिक दृष्टि से शहरों की अपेक्षा आज भी अधिक प्राकृतिक है। हमें सांपों से नहीं वैचारिक सांपों से निपटने की जरूरत है। 'शहर पहुंच गए सांप' कविता ऐसे लोगों से सावधान करती है जो गांव से शहर तक डसने के लिए तैयार रहते हैं। 'कोसी में ननिहाल' अत्यंत मार्मिक कविता है। अखबार में कोसी की बाढ़ हेडिंग पढ़ना और इस कविता से गुजरना संवेदना का पहाड़ चढ़ जाना लगा। दिल से फूट याद गलियों की फेरी लगवा जाती है यह कविता। गांव से जुड़ी उपरोक्त कविताओं के साथ जेन जी पीढ़ी पर कविताएं लिखना एक कंट्रास्ट लगता है। पर कंट्रास्ट अच्छा है। इन कविताओं के लिए बधाई सत्यकेतु जी।
ReplyDelete-किसलय पंचोली, इंदौर
सत्यकेतु जी को एक अरसे से पढ़ता रहा हूं। वे जितने अच्छे कवि-कथाकार हैं, उतने ही बड़े इंसान भी हैं। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व में कोई फांक नहीं है। उन्होंने कई अवसरों पर मेरा समर्थन किया है। सत्यकेतु जी अपनी कविताओं में भी उनका पक्ष चुनते हैं जिनकी ओर से बोलने की जहमत बिरले ही उठा पाता है। एक सभ्य, नैतिक और कल्चर्ड कवि ही सभ्यताओं के पतन की शिनाख्त कर सकता है। सभ्यताओं को दरकाने की जो निरंतर व्यूह रचना रची जा रही है यह कविता उसकी निर्मम पड़ताल करती है। दृश्य के भीतर के परिदृश्य की खोज के लिए भी ये कविताएं याद रखी जाएंगी।
ReplyDeleteएक साथ इतनी बेहतरीन कविताओं को पढ़वाने के लिए आप लोगों का शुक्रिया।
विचारोत्तेजक कविताएं। नैतिक पत्रकारिता के साथ साथ आप साहित्य की विविध विधाओं में सक्रिय हैं। यहां प्रस्तुत कविताओं में पारिवारिक, सामाजिक और राजनैतिक स्खलनों के कई आयाम दिखते हैं। कोसी में ननिहाल, कागज़ का सच, चिट्ठी आई है, फरमान,शहर पहुंच गए हैं सांप आदि में इन्हें चिन्हित किया जा सकता है।जेन जी 1 और 2 आपकी सर्वेक्षण की अद्यतनता का एक उदाहरण है। बहुत बहुत बधाई।
ReplyDeleteअभी पढ़ी आपकी कविताएं इनका पढ़ना अभी तक मेरे लिए न पढ़ने के बराबर है, मैं महसूस करता हूं कि इतनी अच्छी और इस तरह की कविताओं के लिए यशोचित समय भी दे देना होगा. वैसे बार-बार पढ़ूंगा क्योंकिमैं कविताओं में डूबना रहा चाहता हूं.. ऐसी कविताओं को बार-बार पढ़ा जाएगा तभी यह कविताएं अपनी महसूस होगी. गद्य की तरह कोई इसे सरसरा कर पढ़ेगा तो उसके समझ में यह कविताएं नहीं आएगी, लेकिन एक साथ आपकी इतनी कविताओं को पढ़ने के बाद हम कह सकते हैं कि हमने किसी अच्छे कवि की बहुत सारी अच्छी कविताएं पढ़ी है. कविताओं के संदर्भ में मैं अपनी प्रतिक्रिया अलग से लिखूंगा.
ReplyDelete-अजामिल
सत्यकेतु जी की कविताएँ बहुत प्रभावशाली हैं! उनको बधाई!
ReplyDeleteअच्छी कविताएँ पढ़वाने का शुक्रिया।
ReplyDeleteसत्यकेतु की इन कविताओं में विषयों की विविधता के साथ अपने समय और समाज को देखने-समझने की एक सजग दृष्टि दिखाई देती है। व्यवस्था की विसंगतियां, सामाजिक अन्याय, हाशिये पर छूटे लोग, बदलते रिश्ते और नई पीढ़ी का मिज़ाज सब उनकी कविताओं का हिस्सा हैं। 'दस्तख़त' और 'काग़ज़ का सच' में व्यवस्था के भीतर पलते छल और काग़ज़ी दावों की पोल खुलती है, तो 'सभ्यताएं नदियों को संभाल नहीं पातीं' में सभ्यता के दंभ और मनुष्य के स्वार्थ पर सवाल उठते हैं। 'किनारे के फूल' उपेक्षित जीवन और संभावनाओं की ओर ध्यान खींचती है। वहीं 'कोसी में ननिहाल' और 'चिट्ठी लाई फरमान' में निजी स्मृतियों, जड़ों, रिश्तों और संपत्ति के सवालों के बीच एक दिलचस्प तनाव दिखाई देता है। 'शहर पहुंच गए सांप' और 'जेन ज़ी और गालियां' अपने व्यंग्यात्मक तेवर के कारण अलग पहचान बनाती हैं।
इन कविताओं की ताकत इनके सामाजिक सरोकार और जीवन से जुड़े अनुभव हैं। भाषा में बोलचाल, लोक और उर्दू के शब्दों का सहज मेल है। हालांकि कुछ कविताओं में विचार का विस्तार कविता पर हावी होता दिखता है। कई जगह बात को कहने के बाद भी उदाहरणों के जरिए दोहराया गया है। लेकिन कुल मिलाकर, ये कविताएं अपने समय की विसंगतियों से मुठभेड़ करती हैं और पाठक को कई जरूरी सवालों के सामने खड़ा करती हैं।
ReplyDelete*उल्लेखनीय कविताएं*
सत्यकेतु की यों तो सभी नौ कविताएं सम-सामयिक और चित्रात्मक हैं, लेकिन तीन कविताएं - ’’ *दस्तखत’’, ’’कागज का सच’’* और ’’ *कोसी में ननिहाल’* ’ मुझे अच्छी, पुरजोर लगीं। ’’ *दस्तखत* ’’ की पंक्तियां -
_कलम की जिस नोक को/ उम्मीद की तरह/ बड़ी हसरत से निहारते हैं/ हजारहां फरियादी ……... अभिप्राय सबका एक शब्द भिन्न करता है/ पत्र के पायताने बैठा वो दस्तख़त होता है।_
उल्लेखनीय बन पड़ी हैं। इसी तरह ’’ *कागज का सच’* ’ की पंक्तियां, _काग़ज़ का सच/ वास्तव में अव्वल दर्जे का वहम होता है_ अथवा _धरातल छोड़ रहा लोकतंत्र का चौथा स्तंभ_ और सी_बांध-बिजली से सहमी हैं नदियां, पहाड़ मौन है_ आज के समय की विसंगतियों को रेखांकित करती हैं। ’ *’कोसी में ननिहाल* ’’ स्मृति-प्रधान एक खूबसूरत कविता है। पुराने समय के गांव के चाल-चलन बखान के लायक होते ही थे - बौका, गणेशी का मुंहलगा होना, भुजंगी का भी नअनादर न होना, गायों की टुनटुनी, बैलों की घंटियों से राग मल्हार का फूटना, और अंत में यह कामना कि कोसी पकड़ ले पुरानी धार और हो जाए ननिहाल का दीदार!
लिखते रहें सत्यकेतु इसी तरह कविताएं।